रांची , अक्टूबर 17 -- झारखंड के सिमडेगा जिले में गौवंशीय पशु तस्करी के मामले में कोलेबिरा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के कुत्रा थाना क्षेत्र के खटकुलबहाल निवासी मो. अफरीदी उर्फ लेधी (19) के रूप में हुई है। वह मो. सल्ला का पुत्र है। पुलिस ने शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की रात गुप्त सूचना मिली थी कि गौवंशीय पशुओं को तस्करी के उद्देश्य से टाटा सूमो विक्टा (जेएच20ए 0253) में लादकर सिमडेगा से कोलेबिरा होते हुए रांची ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोलेबिरा थाना क्षेत्र के चेकनाका के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान रात करीब 3:25 बजे सिमडेगा की ओर से तेज गति से आ रही टाटा सूमो को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखकर चालक ने चेकनाका से करीब 100 मीटर पहले ही वाहन रोक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए चार गौवंशीय पशु और एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने वाहन, पशुओं और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया था। इस मामले में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 51/2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
अनुसंधान के दौरान जब्त मोबाइल फोन से मिले तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर फरार आरोपी मो. अफरीदी उर्फ लेधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित