मुंबई , मार्च 18 -- हिंदू नव वर्ष गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर मुंबई स्थित श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर ट्रस्ट भगवान गणेश के चरणों में भक्तों की ओर से अर्पित किए गए सोने के आभूषणों की नीलामी करेगा।
नीलामी 19 मार्च को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मंदिर परिसर में आयोजित होगी। श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे बड़ी संख्या में भाग लें और इस अनूठे अवसर का लाभ उठाएं। इस मौके पर गहनों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी जिसमें सोने की गणेश प्रतिमाएं, लॉकेट, मोदक के आकार के आभूषण, अंगूठियां, चेन और हार आदि शामिल हैं। इसके अलावा, 999 शुद्धता वाली चांदी की ईंटें भी नीलामी के लिए उपलब्ध होंगी।
नीलामी का आयोजन सरकारी नियमों का पूर्ण अनुपालन करते हुए किया जाएगा और मंदिर ट्रस्ट बिक्री से संबंधित सभी अधिकार सुरक्षित रखेगा। कार्यकारी अधिकारी वीणा पाटिल ने भक्तों से इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित