हैदराबाद/सिद्धिपेट , मार्च 22 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी रविवार को सिद्धिपेट जिले के दौरे पर जाएंगे, जहां वह नंगुनूर मंडल के नर्मेट्टा में आयोजित "रैतु उत्सव" (किसान उत्सव) में भाग लेंगे और 775.72 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित टीजी ऑयल पाम फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे और एक रिफाइनरी इकाई की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, श्री रैड्डी कार्यक्रम स्थल पर आयोजित जनसभा में "रैतु भरोसा" योजना की राशि भी जारी करेंगे।

सिद्धिपेट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री नगर पालिका के अंतर्गत 141.34 करोड़ रुपये की लागत से जलापूर्ति और भूमिगत सीवरेज कार्यों का शिलान्यास करेंगे। साथ ही, वह एंसानपल्ली में 78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जिला जेल, 15 करोड़ रुपये की लागत वाला 50 बिस्तरों का एकीकृत आयुष अस्पताल, 3.60 करोड़ रुपये की केंद्रीय औषधि भंडार, गटलामल्याला में 1.43 करोड़ रुपये का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अंबेडकर नगर में 1.43 करोड़ रुपये का शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करेंगे।

गजवेल विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री कोंडापाका में 200 करोड़ रुपये की लागत से 'यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल स्कूल कॉम्प्लेक्स' की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, मरकूक स्थित तेलंगाना पब्लिक स्कूल में 16.62 करोड़ रुपये की अतिरिक्त अवसंरचना के कार्यों का भी शिलान्यास किया जाएगा।मुख्यमंत्री मरकूक (8.65 करोड़ रुपये) और जगदेवपुर (9.65 करोड़ रुपये) में एकीकृत मंडल कार्यालय परिसरों का उद्घाटन भी करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित