सिद्धार्थनगर , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में बुधवार को पथरा थाना क्षेत्र में सरयू नहर में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मृत्यु हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर में अधिक गहराई होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि सिसई कला निवासी अंश कसौधन (12) बुधवार सुबह टेडिया चौराहे के पास स्थित सरयू नहर के किनारे शौच के लिए गया था। शौच के बाद वह पानी छूने के लिए नहर के किनारे पहुंचा। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।

अंश के साथ मौजूद उसके साथी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सका। अंश को पानी में डूबता देख उसने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गहरे पानी में समा चुका था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित