सिद्धार्थनगर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस के अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों के सम्मान में आज सुबह दस बजे पुष्पचक्र एवं श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संदेश से उपस्थित पुलिसकर्मियों को अवगत कराया। साथ ही, विगत एक वर्ष के दौरान कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शहादत को याद करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के प्रति समर्पण की जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिवस का ऐतिहासिक संबंध 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों से है। इन वीर जवानों की शहादत की स्मृति में देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

पुलिस सेवा को जोखिमपूर्ण दायित्वों से जुड़ा बताते हुए शहीद जवानों के योगदान को याद किया गया। उनका बलिदान पुलिस बल की भावी पीढ़ियों को जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और साहस के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक सहित रिजर्व पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित