सिद्धार्थनगर , सितंबर 26 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में भारी बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने शनिवार को राप्ती और बूढ़ी राप्ती नदियों का निरीक्षण कर जलस्तर और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया। सरकारी सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, तटबंधों की स्थिति तथा आसपास के निचले इलाकों का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद सिंचाई, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने, तटबंधों की मजबूती सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा पीआरवी-112 को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। नदी किनारे स्थित गांवों में लगातार भ्रमण कर ग्रामीणों को सतर्क करने और संभावित परिस्थितियों पर नजर रखने को कहा गया।

प्रशासन ने बारिश और नदी के जलस्तर को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा स्थानीय स्तर पर किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित