सिद्धार्थनगर , सितंबर 1 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में मोहाना थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत के मामले में मंगलवार को आठ वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर सड्डा तिराहे से आठों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी नेपाल भागने की फिराक में सवारी का इंतजार कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुबेर अहमद, क्यूम अहमद, इमरान अहमद, कमरूद्दीन, महबुद, सफीउल्लाह, मोहम्मद आरिफ और हफीजुल्लाह के रूप में हुई है। सभी आरोपी बर्डपुर नंबर पांच के टोला छोटकी बेलहरी, थाना मोहाना, सिद्धार्थनगर के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि 26 जून को ग्राम बेलहरी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। घटना में जमाल अहमद पुत्र अकबर अली के सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 28/29 अगस्त की रात लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

इस संबंध में मोहाना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में वांछित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित