सिद्धार्थनगर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बांसी पुलिस ने एक युवक को 238 शीशी कोडीन सिरप, निट्राजेपम की 500 टैबलेट और एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य युवक की तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक महाजन ने बुधवार को यहाँ बताया कि यह कार्रवाई 20 अक्टूबर की रात्रि को उस समय हुई, जब उपनिरीक्षक राम प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन ड्यूटी के दौरान तेलौरा बाजार में मौजूद थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि तेलौरा के पास एक मकान में एक व्यक्ति नशीली दवाओं की खेप लेकर रोहुआ रोड स्थित ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से कहीं जाने की तैयारी में है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैवल एजेंसी के पास बने मकान में बैग व बोरा लेकर खड़े एक संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बैग और बोरे से 238 शीशी कोडीन सिरप तथा 10-10 टैबलेट वाले 50 पत्तों में कुल 500 निट्राजेपम टैबलेट बरामद हुये। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूर्य प्रकाश यादव (30), पुत्र परशुराम यादव, निवासी पिपरा नानकार, थाना पथराबाजार, सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक माह पहले उसकी जान-पहचान जुनैद नाम के युवक से हुई थी, जिसकी मेडिकल शॉप बांसी स्थित 50 शैय्या अस्पताल के पास है। आरोपी के बयान के मुताबिक, 19 अक्टूबर को जुनैद ने उसे बैग और बोरे में पैक सामान तेलौरा ले जाकर बस में रखवाने तथा भाड़ा देने के लिए कहा था। इसके बदले उसके खाते में 4,000 रुपये भेजे गए थे, जबकि 1,000 रुपये मिलना बाकी था। आरोपी ने बताया कि वह सामान मुंबई भेजने के लिए तेलौरा बाजार स्थित ट्रैवल एजेंसी पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस अब आरोपी के बयान के आधार पर जुनैद की तलाश में जुटी है। हालांकि, इस मामले में जुनैद की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित