सिद्धार्थनगर , अक्टूबर 22 -- ) उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो दिन के नवजात शिशु की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डीजे की तेज आवाज से मृत्यु होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सूत्रों से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, थाना ढेबरुआ क्षेत्र के बढ़नी बाजार स्थित रामजानकी मंदिर मोहल्ला निवासी मृतक शिशु के पिता जावेद मनिहारने आरोप लगाया था कि मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे की तेज आवाज के कारण उनके बच्चे की मौत हुई। इस पर नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में दोनों कानों के पर्दे सामान्य पाए जाने के बाद डीजे की तेज आवाज से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

हालांकि, नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने विसरा सुरक्षित कर लिया है। मामले में फॉरेंसिक विशेषज्ञों से आगे की जांच कराई जाएगी। विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित