सिद्धार्थनगर , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश में सिद्धार्थनगर जिले के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो लोगों की मृत्यु हो गयी, जबकि एक नेपाली पुरुष और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गये।

क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत शौर्यान ने बताया कि पुरानी नौगढ़ चौकी क्षेत्र में मधुबनिया चौराहे के पास अपराह्न करीब दो बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गयी। हादसे में दो लोगों की मृत्यु हो गयी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।

उन्होंने बताया कि मृतकों में सिद्धार्थनगर जिले का निवासी संजय (30) और नेपाल निवासी करीब 28 वर्षीय एक व्यक्ति शामिल है। घायलों में नेपाल का एक पुरुष तथा सिद्धार्थनगर निवासी सुशीला (28) शामिल हैं। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित