वाराणसी , अक्टूबर 19 -- शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन सोमवार को वाराणसी के रविंद्रपुरी स्थित विश्वविख्यात अघोरपीठ बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड में विधि-विधान से नवमी कन्या एवं भैरव पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

पीठाधीश्वर अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के मार्गदर्शन में सुबह आश्रम की साफ-सफाई और दैनिक आरती-पूजन के बाद कन्या पूजन शुरू हुआ। इस दौरान नौ बाल कन्याओं को देवी स्वरूप में तथा एक बालक को भैरव बाबा के स्वरूप में सुसज्जित कर आसन पर विराजमान कराया गया।

पीठाधीश्वर ने स्वयं सभी कन्याओं और बालक के चरण पखारे। इसके बाद विधि-विधान से उनका पूजन और आरती की गई। उन्हें विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित किया गया। पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं ने कन्याओं और भैरव स्वरूप बालक के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

इस दौरान नवरात्र पूजन के आचार्य श्री प्रकाश सहित उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु 'जय मां सर्वेश्वरी' और 'हर-हर महादेव' के जयकारे लगाते रहे। इसके बाद पीठाधीश्वर के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में हजारों लोगों ने भाग लिया।

उल्लेखनीय है कि बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड में शारदीय नवरात्र और नवमी पूजन के अवसर पर देश-विदेश से साधक, महात्मा और श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित