नयी दिल्ली , जून 2 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया को पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य नियुक्त किया है।

कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार देर रात यह जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने उनकी नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है।

गौरतलब है कि श्री सिद्दारमैया ने 28 मई को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने 20 मई 2023 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इससे पहले वह 13 मई 2013 से 23 मई 2018 तक भी कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। हाल ही में पार्टी की सत्ता-साझेदारी व्यवस्था के तहत उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ा था।

कांग्रेस के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में शामिल श्री सिद्दारमैया की कांग्रेस कार्यसमिति में नियुक्ति को संगठन में उनकी भूमिका को और मजबूत करने के कदम के रूप में देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित