मेंगलुरु , जनवरी 11 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कांग्रेस पार्टी में सत्ता संघर्ष का आरोप लगाने और मकर संक्रांति के बाद कुर्सी की लड़ाई के फिर से तेज होने की चेतावनी देने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई पर पलटवार किया है।

श्री सिद्दारमैया ने भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर लिखी पोस्ट का जवाब देते हुए रविवार को साफ तौर पर इस बात से इनकार किया कि उनके और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच किसी भी तरह का मतभेद है। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के लिए जानबूझकर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा, "कोई सत्ता संघर्ष नहीं है। लड़ाई कहां है? आप लोग लड़ाई पैदा कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि भाजपा और मीडिया के कुछ तबकों द्वारा बार-बार किए गए दावों से वे सच नहीं हो जाते।

श्री सिद्दारमैया ने भाजपा पर छिपी हुई धमकियां देने और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और ऐसे बयानों के पीछे की मंशा पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा, "वे चेतावनियों, उकसावे और कुर्सी की लड़ाई के बारे में बात करते रहते हैं। वे किसे उकसाने की कोशिश कर रहे हैं और किसके फायदे के लिए?"मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी विपक्ष राजनीतिक रूप से विफल होता है, तो वह अफवाहें फैलाकर और अनावश्यक विवाद पैदा करके जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस नेतृत्व एकजुट है और शासन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित