मांडया , जुलाई 26 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने 2028 के आगामी विधानसभा चुनाव न लड़ने का बड़ा एलान किया है।
मांडया जिले के केआर पेट में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में उन्होंने स्पष्ट किया कि वे भविष्य में कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे, हालांकि सक्रिय राजनीति में बने रहकर जनता के सुख-दुख की आवाज उठाते रहेंगे।
श्री सिद्दारमैया ने चुनाव न लड़ने के अपने फैसले की वजह बताते हुए कहा कि आज की राजनीति में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। ईमानदार राजनीति के लिए कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने कहा कि पहले जब वे चुनाव लड़ते थे, तो क्षेत्र की जनता खुद पैसा देकर उन्हें चुनाव जिताती थी, लेकिन अब हालात बिल्कुल बदल चुके हैं और आज चुनाव लड़ने के लिए लोगों को पैसे देने पड़ते हैं।
अपनी उम्र और स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, "मैं अब 79 वर्ष का हो चुका हूं। सरकार का कार्यकाल पूरा होने तक मेरी उम्र 81-82 वर्ष हो जायेगी। अब मेरा स्वास्थ्य पहले जैसा मजबूत नहीं रहा और पुरानी ऊर्जा के साथ काम करना संभव नहीं है।"उन्होंने याद दिलाया कि 1978 में एक तालुक बोर्ड सदस्य के रूप में शुरू हुए उनके राजनीतिक जीवन के 2028 में 50 वर्ष पूरे हो जायेंगे।
कर्नाटक के मैसूर जिले वरुणा विधानसभा क्षेत्र से विधायक ने कहा कि वे अपने सिद्धांतों से कभी पीछे नहीं हटे और न ही अपनी अंतरात्मा से समझौता किया। यहां के लोगों के चुनाव लड़ने के दबाव पर कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य की जनता ने उन्हें पांच दशकों तक भरपूर प्यार दिया है और वे इस कर्ज को चुकाने के लिए अपना शेष जीवन जनसेवा में ही समर्पित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित