नैनीताल , जुलाई 30 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ओर से की गयी कार्रवाई का गुरुवार को नाटकीय अंत हो गया। सतर्कता टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े गए सरकारी कर्मियों को छोड़ दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी सर्तकता टीम ने एक किसान की शिकायत पर बुधवार शाम को ट्रैप की कार्रवाई करते हुए सितारगंज तहसील के संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा एवं सहायक राजस्व लेखाकार भूपेंद्र सिंह राणा को कथित रूप से रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा था।

सतर्कता टीम तहसील परिसर में ही दोनों से पूछताछ कर रही थी। बताया जा रहा है कि सतर्कता टीम की इस कार्रवाई से तहसील के कर्मचारी भड़क गए और उन्होंने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और सतर्कता कर्मियों को बंधक बना लिया। नाराज कर्मचारी सतर्कता टीम की कार्रवाई को ग़लत ठहरा रहे थे।

उन्होंने कहना था कि आरोपी कर्मचारी राजस्व बकायेदार से बकाया धनराशि की वसूली कर सरकारी रसीद जारी कर रहे थे। इसी दौरान सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने वसूली की राशि को कथित रूप से रिश्वत बताते हुए ट्रैप कर लिया।

उनका यह भी आरोप था कि सतर्कता टीम को कलेक्शन मैन्युअल की जानकारी नहीं है और आरोपी तय प्रावधानों के तहत राजस्व वसूली का कार्य कर रहे थे। उनका आरोप है कि सतर्कता अधिष्ठान की ओर से बिना पर्याप्त साक्ष्य और निष्पक्ष जांच के कार्रवाई की गई है, जिससे राजस्व कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न हो रहा है।

अमीन संघ, उत्तराखंड लेखपाल संघ तथा उत्तराखंड कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच करने और तब तक दोनों कर्मचारियों की गिरफ्तारी नहीं करने की मांग की। कर्मचारी संगठनों की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम को लेकर रातभर गहमागहमी चलती रही। आखिरकार आज सुबह सतर्कता टीम ने दोनों कर्मचारियों को मुक्त कर दिया और टीम वापस लौट गयी।

सितारगंज के उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले का पटाक्षेप हो गया है और दोनों कर्मियों को रिहा कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि विजिलेंस की ओर से कलेक्शन मैनुअल की जानकारी मांगी गई थी। उन्हें उपलब्ध करा दी गई थी। इसके बाद सतर्कता टीम ने सुबह दोनों कर्मचारियों को रिहा कर दिया। उन्होंने कहा कि आज तहसील में सामान्य रूप से काम काज संपन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित