उधमसिंहनगर , अगस्त 30 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर की सितारगंज पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 21 पेटी माल्टा ब्रांड अवैध शराब बरामद हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सितारगंज पुलिस और सरकड़ा चौकी की टीम की ओर से अ0उ0नि0 अमित कुमार के नेतृत्व में 29 अगस्त की रात को रसोयापुर के पास वाहनों की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोक कर उसकी जांच की गई। जांच में उससे 21 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।

दोनों कार सवार आरोपियों सन्नी सयाल निवासी ग्राम बोहराकोट, थाना टनकपुर और तुषार निवासी वार्ड नं. 04, कपूर बस्ती, थाना टनकपुर, चंपावत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सन्नी सयाल के खिलाफ पहले भी टनकपुर कोतवाली में आबकारी अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित