हरिद्वार , अक्टूबर 13 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को सिडकुल क्षेत्र में छापेमारी कर खुले में बिक्री के लिए रखे कुट्टू के आटे के दो नमूने लिए और कुल 13 किलो आटा नष्ट कराया।

बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने तथा निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित किए बिना कुट्टू का आटा बेचने के मामले में दो कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी की जा रही है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने टीम के साथ मंगलवार को महादेवपुरम और शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

निरीक्षण के दौरान महादेवपुरम स्थित शैलेष प्रोविजन स्टोर में खुला कुट्टू का आटा बिक्री के लिए रखा मिला। आटे के बैग पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। टीम ने नमूना लेने के बाद शेष पांच किलो आटा नष्ट करा दिया।

इसी दौरान महादेवपुरम क्षेत्र में ई-रिक्शा से प्लास्टिक बैग में 10 किलो खुला कुट्टू का आटा सप्लाई करते हुए हर्षित अवस्थी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने आटे का सप्लायर शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट स्थित महादेव ट्रेडर्स के मालिक पंकज कुमार को बताया। इसके बाद टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर आटे का नमूना लिया और शेष आठ किलो आटा नष्ट करा दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, शैलेष प्रोविजन स्टोर के मालिक शैलेष कुमार और महादेव ट्रेडर्स के मालिक पंकज कुमार के खिलाफ नियमानुसार न्यायालय में वाद दायर कराने की कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित