हरिद्वार , सितंबर, 15 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नौ मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी के वाहनों को छिपाने के लिए बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री को पार्किंग गैराज के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

एसएसपी नवनीत सिंह ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 14 सितंबर को किरवी चौक पर चेकिंग के दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन अचानक बाइक का टायर फिसलने से वह सड़क पर गिर गया। पुलिस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया। मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर वह थाना सिडकुल में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित निकली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित