टिहरी , अप्रैल 11 -- उत्तराखंड में टिहरी के बौराडी क्षेत्र में सिटी सेंटर निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी के विरोध में शनिवार को नाराज व्यापारियों ने एडीबी प्रोजेक्ट कार्यालय पर तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
व्यापारियों का आरोप है कि निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित है और बार-बार आश्वासन देने के बावजूद भीइसे समय पर पूरा नहीं किया गया। इसकी वजह से उनके कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने कहा कि सिटी सेंटर प्रोजेक्ट में देरी के कारण क्षेत्र का व्यावसायिक माहौल प्रभावित हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य में तेजी लायी जाये और इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाये। टिहरी के विधायक किशोर उपाध्याय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में तेजी लाकर व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाये।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में जल्द प्रगति नहीं दिखायी गयी, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित