रायगढ़ा , मई 24 -- ओडिशा के रायगढ़ा जिले में भारतीय युवा कांग्रेस की "सिजिमाली आदिवासी संघर्ष यात्रा" रविवार तीसरे दिन भी जारी रही।
इस यात्रा का नेतृत्व भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब कर रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य सिजिमाली क्षेत्र के आदिवासियों के जल, जंगल और ज़मीन के अधिकारों की रक्षा करना है।
यात्रा के दौरान श्री चिब ने कहा कि सिजिमाली सिर्फ एक पहाड़ नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और अस्तित्व का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार आदिवासियों की जमीन अपने "पूंजीपति मित्रों" को सौंपने की कोशिश कर रही है, जिसे युवा कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि संविधान ने आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन पर अधिकार दिया है, लेकिन भाजपा सरकार उन अधिकारों को कमजोर कर रही है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि यह यात्रा गांव-गांव जाकर आदिवासी समुदाय की आवाज़ बुलंद कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित