मुरादाबाद , जून 16 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल से गुजरने वाली कुछ रेलगाड़ियों के परिचालन में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर जहाँ एक ट्रेन का नया ठहराव तय किया गया है, वहीं ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन और समय में पुनर्निर्धारण किया गया है।
रेल मंडल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि जयनगर-अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस का पूर्वोत्तर रेलवे के जरवल रोड स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अगले आदेश तक नियमित ठहराव दिया गया है। जयनगर से अमृतसर जाने वाली शहीद एक्सप्रेस रात दस बजकर चालीस मिनट पर जरवल रोड पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद आगे रवाना होगी।
इसी तरह अमृतसर से जयनगर जाने वाली डाउन ट्रेन सुबह सात बजकर चौवन मिनट पर इस स्टेशन पर रुकेगी और दो मिनट बाद प्रस्थान करेगी। दूसरी ओर, पिलखुआ-हापुड़-बाबूगढ़-कुचेसर रोड रेल खंड में आवश्यक स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग कार्य के चलते ब्लॉक लिया गया है। इस कारण आनंद विहार टर्मिनल-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल को गाजियाबाद से रूड़की-मुरादाबाद के परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है, जिससे यह ट्रेन हापुड़ स्टेशन पर नहीं रुकेगी।
इसी प्रकार आनंद विहार टर्मिनल-लौकहा बाजार स्पेशल को गाजियाबाद-कानपूर सेंट्रल-लखनऊ मार्ग से संचालित किया जा रहा है, जिससे यह मुरादाबाद एवं बरेली स्टेशनों पर नहीं जाएगी। भुज-बरेली एक्सप्रेस भी गाजियाबाद-रूड़की-मुरादाबाद मार्ग से चलेगी तथा पिलखुआ, हापुड़, गजरौला और अमरोहा स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा।
इस कार्य की वजह से कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। आनंद विहार टर्मिनल से चलने वाली लालकुआं एक्सप्रेस अब साढ़े सात बजे, रक्सौल एक्सप्रेस सात बजे और एक अन्य रक्सौल एक्सप्रेस सवा सात बजे प्रस्थान करेगी। इसके अलावा नई दिल्ली-कासगंज एक्सप्रेस नई दिल्ली से सात बजे तथा गाजियाबाद-मुरादाबाद मेमू गाजियाबाद से रात आठ बजे रवाना होगी। रेलवे ने यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए रेल पूछताछ सेवा, मोबाइल ऐप अथवा संबंधित स्टेशनों से अपडेट लेने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित