नयी दिल्ली , जून 11 -- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सिख समुदाय ने एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन कर पिछले साल दिसंबर में साउथेम्प्टन (इंग्लैंड) में मारे गए ब्रिटिश छात्र हेनरी नोवाक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और इस दुखद घटना का सहारा लेकर पूरे सिख समुदाय को बदनाम करने की कोशिश कर रहे कुछ समूहों की कड़े शब्दों में निंदा की।

पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर स्थित गुरुद्वारा कलगीधर खालसा सेवक सभा में शिरोमणि अकाली दल के दिल्ली इकाई के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना के संरक्षण में आयोजित इस सभा में नेताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी व्यक्ति का आपराधिक कृत्य उसका निजी मामला होता है, और उसके आधार पर पूरे समुदाय को निशाना बनाना पूरी तरह अनुचित है।

गौरतलब है कि श्री हेनरी (18) की हत्या के दोषी, सिख युवक विक्रम सिंह डिगवा (23) को ब्रिटिश अदालत ने न्यूनतम 21 वर्ष की अवधि के साथ आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

श्री सरना ने सभा में कहा कि भले ही हेनरी का भारत से कोई सीधा संबंध नहीं था, लेकिन मानवीय पीड़ा और संवेदनाएं किसी सीमा, धर्म या राष्ट्रीयता के दायरे में नहीं बंधी होती हैं। उन्होंने निहित स्वार्थों के लिए इस मामले का फायदा उठाने की कोशिश करने वाले लोगों से अपील की कि वे एक व्यक्ति के कृत्य और एक पूरे धार्मिक समुदाय के बीच के अंतर को समझें। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस त्रासदी से समाज में करुणा, समझ और सच्चाई के प्रति प्रतिबद्धता पैदा होनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित