हनुमानगढ़ , अगस्त 27 -- राजस्थान में सिख संगत ने पाकिस्तान स्थित पवित्र गुरुद्वारा ननकाना साहिब की यात्रा के लिए अनुमति की मांग करते हुए गुरुवार को हनुमानगढ़ जिला प्रशासन को केंद्रीय गृह मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा है।

सिख समाज के प्रतिनिधियों ने इस ज्ञापन के माध्यम से गुरु नानक जयंती के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अनुमति मांगी है। ज्ञापन में बताया गया है कि गुरु नानक जयंती इस वर्ष 24 नवंबर को मनायी जाएगी।

हर वर्ष भारत के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु गुरुनानक देव जी की जन्मस्थली ननकाना साहिब पहुंचते हैं और वहां के धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। हनुमानगढ़ सहित राजस्थान के सिख श्रद्धालु भी पिछले वर्षों में इस यात्रा में शामिल होते रहे हैं। इस वर्ष भी राजस्थान से श्रद्धालु इस पवित्र स्थान की यात्रा करना चाहते हैं।

सिख संगत के प्रतिनिधियों ने अमृतसर और दिल्ली स्तर पर यात्रा की अनुमति संबंधी जानकारी ली और स्वीकृति के प्रयास किए। वहां से यह जानकारी मिली कि पहले विभिन्न राज्यों के सिख श्रद्धालु एक साथ यात्रा करते थे, लेकिन अब प्रत्येक राज्य के श्रद्धालुओं को अपने-अपने राज्य के गृह विभाग से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करनी होगी। इसी प्रक्रिया के तहत राजस्थान की सिख संगत ने जिला प्रशासन के माध्यम से गृह मंत्री को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि ननकाना साहिब सिख समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। गुरुनानक देव जी की जन्मस्थली होने के कारण गुरुनानक जयंती पर यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। राजस्थान की सिख संगत भी इस ऐतिहासिक और धार्मिक अवसर पर ननकाना साहिब पहुंचकर मत्था टेकना चाहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित