अमृतसर , अप्रैल 21 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने न्यूज़ीलैंड के सुप्रीम सिख सोसाइटी के प्रबंधन में चल रहे सिख हेरिटेज स्कूल (पंजाबी स्कूल) द्वारा गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब, टाकानिनी में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लिया।
मंगलवार को यहां जारी एक बयान अनुसार, जत्थेदार ने सिख हेरिटेज स्कूल बोर्ड की सराहना करते हुए कहा कि गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब में हर शनिवार को चलने वाली कक्षाओं के माध्यम से बच्चों को गुरमुखी पंजाबी, गुरमत शिक्षा, संगीत, सिख इतिहास, रहित मर्यादा, नितनेम और गुरबाणी संथिया की शिक्षा दी जारही है। वर्तमान में लगभग एक हजार बच्चे इस स्कूल में गुरमुखी और गुरमत की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से बच्चों, उनके अभिभावकों और संगत को आध्यात्मिक रूप से जोड़ा।
इस अवसर पर जत्थेदार गड़गज्ज ने गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब में बनाये गये सिख स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी दौरा किया। यह परिसर सिख युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है, जहां हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, नेटबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स ट्रैक और छोटे बच्चों के लिए झूलों वाला खेल मैदान उपलब्ध है।
संगत को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक सिख माता-पिता के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि वे अपने बच्चों को गुरमुखी पंजाबी सिखायें, क्योंकि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की संपूर्ण गुरबाणी गुरमुखी में लिखी गयी है। उन्होंने कहा कि गुरमुखी में दक्ष बच्चे आसानी से गुरबाणी से जुड़ सकते हैं और गुरमत सिद्धांतों के अनुसार जीवन जी सकते हैं।
जत्थेदार ने सैकड़ों बच्चों द्वारा गुरमुखी वर्णमाला का कंठस्थ पाठ भी सुना और सिख इतिहास, पांच ककारऔर रहित मर्यादा से जुड़े प्रश्न पूछकर बच्चों से संवाद किया। इस दौरान नर्सरी से आठवीं कक्षा तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र वितरित किये गये। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के सिख संस्थानों को टाकानिनी गुरुद्वारा साहिब के प्रयासों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जहांबच्चों और युवाओं को सिखी, पंजाबी भाषा और खेलों से जोड़ने के लिए समर्पित मंच तैयार किये गये हैं। इस अवसर पर न्यूज़ीलैंड सेंट्रल सिख एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सुप्रीम सिख सोसाइटी के प्रवक्ता दलजीत सिंह, यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिज्जर, सिख हेरिटेज स्कूल बोर्ड की अध्यक्ष बीबी मनदीप कौर, चेयरपर्सन बी बी कुलजीत कौर, प्रिंसिपल बीबी जसबीर कौर, उपाध्यक्ष गुरिंदरजीत सिंह, संगीत अध्यापक मनजीत सिंह, बोर्ड सदस्य जगदीप सिंह, मनजिंदर सिंह, जगबीर सिंह तथा मीडिया सलाहकार जसकरण सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित