मोहाली/चंडीगढ़ , अगस्त 15 -- पंजाब की जेलों में सजा पूरी कर चुके सिख बंदियों की रिहाई और पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए।

कौमी इंसाफ मोर्चा की अगुवाई में मोहाली से चंडीगढ़ स्थित पंजाब राजभवन की ओर कूच कर रहे प्रदर्शनकारियों को वाईपीएस चौक के पास रोक दिया गया।

प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने एहतियात के तौर पर आज सुबह से ही चंडीगढ़-मोहाली सीमा को सील कर दिया। दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बड़े वाहनों को खड़ा कर बैरिकेडिंग की गई। पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी। मौके पर चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत यादव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सारगप्रीत हुड्डा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवरदीप कौर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

प्रदर्शन से एक दिन पहले शुक्रवार को जेल में बंद जगतार सिंह हवारा का वीडियो संदेश भी सामने आया था। हवारा ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की अपील करते हुए शरारती तत्वों से सावधान रहने को कहा था। उन्होंने युवाओं से वालंटियर बनकर व्यवस्था संभालने की अपील की थी।

हवारा अपनी बीमार मां से मिलने के लिए पैरोल की मांग कर रहे है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल से हवारा को 10 दिन की पैरोल देने की सिफारिश की है। राज्यपाल ने यह सिफारिश केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दी है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार हवारा को पहले एक दिन की पैरोल देने की पेशकश की गई थी, जिसे उसने लेने से इनकार कर दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित