नयी दिल्ली , मई 23 -- उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने सिक्किम उच्च न्यायालय की वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय को पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है।

गत 22 मई को आयोजित कॉलेजियम की बैठक में यह निर्णय लिया गया। न्यायमूर्ति मीनाक्षी राय की यह नियुक्ति पटना उच्च न्यायालय के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश की आगामी आगामी चार जून को होने वाली सेवानिवृत्ति के बाद प्रभावी होगी।

सिक्किम सरकार के पूर्व गृह सचिव मदन मोहन की सुपुत्री, न्यायमूर्ति मीनाक्षी राय ने सिक्किम सरकार से छात्रवृत्ति प्राप्त कर दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीति विज्ञान (ऑनर्स) की पढ़ाई की। साल 1986 में स्नातक पूरा करने के बाद, उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर में दाखिला लिया, जहाँ से उन्होंने 1989 तक अपना एलएलबी पाठ्यक्रम पूरा किया। वर्ष 1990 में दिल्ली बार एसोसिएशन में नामांकित होने के बाद, उन्होंने एक एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड के तहत दिल्ली उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में वकालत की।

वह 11 दिसंबर 1990 को सिक्किम न्यायिक सेवा संवर्ग में गंगटोक (पूर्व जिला) की न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी-कम-सिविल जज के रूप में नियुक्त हुईं, और इस पद पर नियुक्त होने वाली सिक्किम की पहली महिला बनीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित