सिलीगुड़ी , सितंबर 06 -- उत्तरी सिक्किम में हुए भारी भूस्खलन से तीस्ता और च्याकुंग नदियों का प्रवाह आंशिक रूप से बाधित होने के मद्देनजर निचले इलाकों में एहतियाती अलर्ट जारी किया गया है।

अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल कोई तत्काल खतरा नहीं है और रविवार को तीस्ता नदी सामान्य रूप से बह रही है। मंगन जिला प्रशासन के अनुसार, भूस्खलन पांच और छह सितंबर की दरम्यानी रात च्याकुंग नदी के ऊपर ओसी भीर के सामने तीस्ता और च्याकुंग नदियों के संगम के पास हुआ। नागा वन क्षेत्र में नागा-तोसा मार्ग पर नयी सड़क की कटाई के कारण पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। यह स्थान थेंग सुरंग के सामने है।

भूस्खलन का मलबा दोनों नदियों के प्रवाह में आंशिक रूप से फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए तीस्ता का प्रवाह भी प्रभावित हुआ। नदी की धाराओं में पानी जमा हुआ है, लेकिन दोनों नदियां आंशिक रूप से बह रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल तीस्ता का प्रवाह सामान्य है। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन भूस्खलन से संपत्ति हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। चुंगथांग पुलिस और थेंग जांच चौकी के कर्मचारी घटनास्थल पर लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। संकलांग और फिडांग में जलस्तर सामान्य बताया गया है। दोनों स्थानों पर अधिकारियों को नदियों की लगातार निगरानी करने और जलस्तर या प्रवाह में किसी भी महत्वपूर्ण बदलाव की तत्काल सूचना देने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस नियंत्रण कक्ष को भी सतर्क कर दिया गया है और निचले इलाकों के संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने को कहा गया है। प्रशासन ने कहा कि निचले क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई खतरा नहीं है, लेकिन स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है।

दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि उन्होंने स्थिति को लेकर सिक्किम के मुख्य सचिव रवींद्र तेलंग से व्यक्तिगत रूप से बात की है। श्री बिष्ट के अनुसार, सिक्किम सरकार प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल चिंता का कोई बड़ा कारण नजर नहीं आ रहा है, लेकिन तीस्ता नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है। उन्होंने खास तौर पर बारिश के मद्देनजर लोगों से सावधानी बरतने को कहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित