सिलीगुड़ी , अगस्त 15 -- सिक्किम में ग्यालशिंग जिले के सिंगलिटम-रिम्बी इलाके में भूस्खलन के बाद राहत और पुनर्वास का काम जारी है तथा एहतियात के तौर पर खतरे वाले इलाकों से 35 परिवारों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक युक्सम उप मंडलीय प्रशासन ने हालात का जायजा लेने और तुरंत राहत कार्यों में तालमेल बिठाने के लिए प्रभावित इलाके का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। प्रभावित परिवारों के लिए सिंगलिटम और रिम्बी में दो अस्थायी राहत शिविर स्थापित किये गये हैं। सिंगलिटम गांव के पांच बुरी तरह प्रभावित परिवारों को सिंगलिटम राहत शिविर में भेजा गया है, जबकि चार परिवारों को रिम्बी कैंप में ठहराया गया है। बाकी 26 परिवारों ने रिश्तेदारों के घरों में शरण ली है। प्रशासन ने राहत शिविर लगाने और जरुरी सामान खरीदने के लिए 50,000 रुपये दिये हैं। भूस्खलन के खतरे वाले घरों को अस्थायी सुरक्षा देने के लिए प्रभावित परिवारों को तिरपाल भी बांटे गये हैं।
उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी रविवार को जमीन, घरों और दूसरी संपत्तियों को हुए नुकसान का विस्तार से आकलन करेंगे। आकलन के आधार पर आगे राहत और पुनर्वास के कदम उठाये जायेंगे।
ग्यालशिंग के ज़िला सूचना अधिकारी ने बताया कि जिला कलेक्टर तेनजिंग डी डेंजोंगपा, मंत्री और इलाके के विधायक शेरिंग टी भूटिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ रविवार को प्रभावित इलाके का निरीक्षण करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित