सिलीगुड़ी , सितंबर 6 -- सिक्किम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), 2026 के तहत रविवार को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 4,18,467 मतदाता दर्ज किए गए हैं। पुनरीक्षण प्रक्रिया से पहले राज्य में मतदाताओं की संख्या 4,71,018 थी, जिसमें अब 52,551 मतदाताओं के नाम हटा दिये गये हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत एक जुलाई, 2026 की योग्यता तिथि के साथ आयोजित इस पुनरीक्षण के बाद जारी अंतिम सूची में 2,12,534 पुरुष, 2,05,931 महिलाएं और दो थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल हैं। पुनरीक्षण से पहले राज्य में 2,35,572 पुरुष, 2,35,444 महिलाएं और दो थर्ड-जेंडर मतदाता पंजीकृत थे।
एसआईआर के दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों ने सभी मौजूदा मतदाताओं को गणना फॉर्म बांटे थे, जिनमें से 4,33,242 (91.99 प्रतिशत) फॉर्म प्राप्त हुए, जबकि 37,737 (8.01 प्रतिशत) फॉर्म वापस नहीं मिले।
वापस न मिले फॉर्मों को अनुपस्थित/अज्ञात, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृतक, दोहरे पंजीकरण और अन्य श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया। इसमें सबसे बड़ी संख्या स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं की (14,603) रही, जिसके बाद मृत्यु के 10,837, अनुपस्थित 8,648, दोहरे/पहले से नामांकित के 2,396 और अन्य श्रेणियों के 1,253 मामले सामने आए।
पांच जुलाई को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में 4,33,294 मतदाता शामिल थे, जिनमें से 3,61,159 (83.35 प्रतिशत) मतदाताओं का मिलान पिछली मतदाता सूची से हुआ, जबकि 72,135 मतदाताओं की पहचान नहीं हो पायी। जांच के दौरान चुनाव आयोग के आईटी सिस्टम द्वारा 52,384 मामलों को 'लॉजिकल विसंगतियों' के रूप में चिह्नित किया था।
गैर-मैप किए गए और विसंगति वाले मामलों के संबंध में कुल 1,24,519 नोटिस जारी किए गए। भौतिक सत्यापन, सुनवाई और आवश्यक दस्तावेजों की प्रस्तुति के बाद 16,485 मतदाता अपात्र पाए गए। इसके अलावा फॉर्म 7 के तहत 324 अन्य नाम हटाए गए, जिससे दावे और आपत्तियों की अवधि के दौरान कुल 16,809 विलोपन हुए। 5 जुलाई से 4 अगस्त के बीच अधिकारियों को फॉर्म 6 के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए 2,052 दावे, फॉर्म 7 के माध्यम से 16,867 आपत्तियां और फॉर्म 8 के माध्यम से सुधार या स्थानांतरण के लिए 1,549 आवेदन प्राप्त हुए। इन दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 1,982 नए मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित