बैतूल , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सिकल सेल एनीमिया की रोकथाम, समय पर पहचान और जनजागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत बैतूल, घोड़ाडोंगरी, शाहपुर, भीमपुर, दामजीपुरा, चिचोली और आमला में सिकल सेल जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में लोगों की सिकल सेल जांच के साथ बीमारी के लक्षण, उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। युवाओं को विवाह से पहले वर-वधू दोनों की सिकल सेल जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बीमारी की समय पर पहचान कराने और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपचार एवं नियमित फॉलोअप कराने की अपील की।
विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी सिकल सेल कार्यक्रम डॉ. अंकिता सीते ने सात जागरूक नागरिकों को 'सिकल मित्र' के रूप में जोड़ा। इन सिकल मित्रों के माध्यम से सिकल सेल से जुड़ी सही जानकारी स्वास्थ्य संस्थाओं से समुदाय और गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. सीते ने कहा कि सिकल सेल उन्मूलन केवल शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। समाज के जागरूक लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है। प्रत्येक परिवार तक सिकल सेल की जांच और उपचार की जानकारी पहुंचना जरूरी है। युवाओं को विवाह से पहले अपनी सिकल सेल स्थिति की जांच अवश्य करानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान होने से मरीज को आवश्यक उपचार और नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। सिकल सेल की जांच और आवश्यक उपचार की सुविधाएं शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से बीमारी की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य संस्था में जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
कार्यक्रम में सतीश उईके (आमला), रामदास वरकड़े (भीमपुर), एस.एस. मरकाम (बैतूल), विजय धुर्वे (सरपंच), बबली धुर्वे (भाजपुर), डॉ. तुलसीराम तुमाड़ (आयुष अधिकारी, गेहूंबारसा) और डॉ. कैलाश इवने को 'सिकल मित्र' बनाया गया। ये सिकल मित्र अपने क्षेत्रों में लोगों को सिकल सेल जांच, विवाह पूर्व जांच, उपचार और नियमित फॉलोअप के लिए प्रेरित करेंगे तथा बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों और अंधविश्वास को दूर करने में सहयोग करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित