गोपालगंज , जुलाई 22 -- बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर स्थित सिंहासनी मंदिर परिसर में आगामी मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित स्थानीय मुखिया, बीडीसी सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी उपस्थित लोगों के सुझावों एवं पक्षों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।
प्रशासन की ओर से मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी दी गई तथा सभी से सहयोग की अपील की गई।
इस अवसर पर मेले में बैरिकेडिंग, समुचित प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे किए जाएंगे।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से मेले के दौरान प्रशासन का सहयोग करने और शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से सिंहासनी मंदिर मेले का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित