आगरमालवा , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले में सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सर्वसुविधायुक्त पड़ाव (हाल्ट) स्थल विकसित किए जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस. सोलंकी, एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह तथा अन्य अधिकारियों के साथ ग्राम तनोडिया स्थित मंडी परिसर एवं आसपास की भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित पड़ाव स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए सिंहस्थ मद से प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पड़ाव स्थलों पर सुगम आवागमन, प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश, छाया के लिए टेंट, शौचालय, चाय-नाश्ता और भोजन जैसी आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया जाए। साथ ही प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने उज्जैन रोड स्थित एसडीएम कार्यालय के समीप एमपीआईडीसी क्षेत्र की उपलब्ध भूमि का भी निरीक्षण किया और वहां उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पड़ाव स्थल विकसित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विजय सेनानी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुशाल सिंह डोडवे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित