उज्जैन , फरवरी 6 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में आगामी सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर बनाई जाने वाली पार्किंग व्यवस्था का सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं जिला कलेक्टर रोशन सिंह ने निरीक्षण किया।

सिंहस्थ मेला अधिकारी सह संभागायुक्त आशीष सिंह ने कलेक्टर रोशन सिंह के साथ शुक्रवार दोपहर देवास-बदनावर फोरलेन मार्ग के समीप सिंहस्थ 2028 के लिए प्रस्तावित वाहन पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर उनका चिन्हांकन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों की पहुंच, यातायात प्रबंधन और भविष्य की आवश्यकताओं पर चर्चा की।

सिंहस्थ मेला अधिकारी ने निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों की कार्ययोजना तैयार करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक अवरुद्ध न हो। इसके लिए पार्किंग स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों पर व्यवस्थित वाहन टर्निंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा सर्विस लेन का चौड़ीकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्किंग से श्रद्धालुओं का निर्गम इस प्रकार हो कि मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित न हो।

उन्होंने पार्किंग व्यवस्था में आधुनिक तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर भी जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को पार्किंग की रीयल टाइम स्थिति की जानकारी मिल सके। साथ ही पार्किंग स्थलों से घाटों तक श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए लोक परिवहन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लेवल-01 और लेवल-02 पार्किंग स्थलों के चिन्हांकन पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ 2028 के दौरान लेवल-01 पार्किंग सिंहस्थ मेला क्षेत्र के भीतर रहेगी, जिसका उपयोग कम भीड़ वाले दिनों में किया जाएगा, जबकि लेवल-02 पार्किंग मेला क्षेत्र से 5 किलोमीटर से अधिक परिधि में रहेगी और इसका उपयोग अधिक भीड़ वाले दिनों में किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित