भोपाल , अगस्त 07 -- सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के उद्देश्य से पुलिस लाइन कम्युनिटी हॉल, भोपाल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के पांचवें दिन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सॉफ्ट स्किल, तनाव प्रबंधन, सुरक्षा योजना, मीडिया समन्वय तथा अस्थायी थानों की कार्यप्रणाली सहित विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक डॉ. विनीत कपूर ने सॉफ्ट स्किल और तनाव प्रबंधन पर प्रशिक्षण देते हुए कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल आयोजन में पुलिस बल को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी धैर्य, संयम और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना होता है। उन्होंने संकट की स्थिति में शांतचित्त होकर निर्णय लेने, प्रभावी संवाद स्थापित करने, टीम भावना के साथ कार्य करने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय बताए। साथ ही श्रद्धालुओं, विदेशी पर्यटकों और विशिष्ट अतिथियों के प्रति संवेदनशील एवं पेशेवर व्यवहार पर जोर दिया।

इसके बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान ने सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रिंट मीडिया प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, मीडिया समन्वय तथा भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों का समय रहते प्रभावी खंडन कर प्रमाणिक जानकारी आमजन तक पहुंचाने की रणनीतियों से प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया।

प्रशिक्षण के दौरान सिंहस्थ मेले की सुरक्षा योजना पर संभावित सुरक्षा खतरों की पहचान, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस कार्रवाई तथा समन्वित व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मेले में स्थापित किए जाने वाले अस्थायी थानों की संरचना, दायित्व, अभिलेख संधारण, शिकायतों के त्वरित निराकरण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने संबंधी विषयों पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत योग, पीटी और मेडिटेशन से हुई। रक्षित निरीक्षक जय सिंह तोमर तथा हार्टफुलनेस प्रशिक्षक राजेश चंद्र शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग और ध्यान से मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, जिससे तनावपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने में सहायता मिलती है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने विषय विशेषज्ञों से संवाद कर विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और सिंहस्थ-2028 के दौरान प्रभावी एवं संवेदनशील पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवहारिक जानकारी हासिल की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित