उज्जैन , सितंबर 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के तहत उज्जैन शहर में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
श्री यादव ने नीलगंगा से केटीएम गैल इंडिया चौराहा तक मार्ग चौड़ीकरण तथा शांतिनगर से इंदौर रोड तक किए जा रहे नवीन मार्ग निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति और समय-सीमा की जानकारी लेते हुए सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान स्थानीय रहवासियों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से संवाद किया और बच्चों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग को विकसित करने में उज्जैन के नागरिकों ने स्वेच्छा से अपने मकानों, दुकानों और जमीन को पीछे कर सहयोग दिया है। यह शहर के विकास के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पुराने शहर को नए शहर से एलिवेटेड ब्रिज के माध्यम से जोड़ने वाला यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व के दौरान करोड़ों श्रद्धालु उज्जैन आएंगे। उनकी सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भी है। उन्होंने विकास कार्यों में सहयोग कर रहे उज्जैन के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य सुनिश्चित करेगी।
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद बालयोगी श्री उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित