उज्जैन , अक्टूबर 10 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए रेलवे तथा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उज्जैन रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए क्राउड होल्डिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं।

वहीं, शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए 12 अक्टूबर से देवासगेट बस स्टैंड बंद कर बसों का संचालन नानाखेड़ा बस स्टैंड से किया जाएगा।

पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रेल मार्ग से उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्टेशन परिसर के विकास, फुट ओवरब्रिज निर्माण तथा क्राउड होल्डिंग एरिया विकसित करने के कार्य किए जा रहे हैं। इन व्यवस्थाओं से यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-8 की ओर माधवनगर क्षेत्र में रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा क्राउड होल्डिंग एरिया का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त तीन अन्य क्राउड होल्डिंग एरिया भी विकसित किए जाएंगे। निर्माणाधीन होल्डिंग एरिया का कार्य अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसकी छत पर 120 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम भी स्थापित किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए देवासगेट बस स्टैंड से बसों का संचालन बंद करने का निर्णय लिया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार एवं उज्जैन संभागायुक्त की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों और बस संचालकों की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। 12 अक्टूबर से देवासगेट बस स्टैंड पर बसों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा तथा सभी बसों का संचालन नानाखेड़ा बस स्टैंड से किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित