उज्जैन , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों में देरी पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित ठेकेदार पर पांच लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार संभाग आयुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने खजूवाली मस्जिद से केडी गेट तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति और निर्माण में देरी पाए जाने पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करना अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान जूना सोमवारिया क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य और भूखी माता मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का भी जायजा लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित