दतिया , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश में दतिया जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम धोहररा में सिंध नदी से एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हनुमान धारा क्षेत्र में सिंध नदी में करीब छह फीट गहरे पानी में शव उतराता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव की तलाशी में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान विकास धाकड़ (38) निवासी गणेश कॉलोनी, फतेपुर जिला शिवपुरी के रूप में हुई है। वह स्कूल वैन चालक था और दो बच्चों का पिता था।

जानकारी के अनुसार मृतक शनिवार रात अपने दोस्तों के साथ बड़ोनकला गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के बाद उसके साथी लौट गए, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।

पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। परिजनों ने भी साथ आए लोगों पर संदेह जताया है। गोराघाट थाना पुलिस मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित