सिडनी , जून 11 -- दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने गुरुवार को अपने ही देश की खिलाड़ियों को हराकर ऑस्ट्रेलियान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर-फाइनल में जगह बना ली है। आज यहां खेले गये मुकाबले में बैडमिंटन रैंकिंग में 10वें नंबर पर मौजूद पीवी सिंधु ने अपनी जूनियर साथी और दुनिया की 39वें नंबर की खिलाड़ी इशरानी बरुआ को 42 मिनट में 22-20, 21-12 से हराया। तीसरी वरीयता प्राप्त पीवी सिंधु ने पहले गेम में इशरानी बरुआ से कड़ी टक्कर का सामना किया, लेकिन दूसरे गेम में दबदबा बनाते हुए क्वार्टर-फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
सिंधु अब क्वार्टर-फ़ाइनल में चीनी ताइपे की चेन सु-यू का सामना करेंगी और मलेशिया ओपन के बाद इस साल अपने दूसरे सेमी-फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगी।
तन्वी शर्मा ने भी सिंधु की तरह क्वार्टर-फ़ाइनल में जगह बनाई। उन्होंने एक और ऑल-इंडियन मुकाबले में अपनी सीनियर साथी मालविका बंसोड़ को 21-13, 21-15 से हराया।
इस जीत के साथ 17 साल की तन्वी शर्मा ने इस साल अपने दूसरे क्वार्टर-फ़ाइनल में प्रवेश किया। इस भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी को इस सीज़न में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में संघर्ष करना पड़ा है; वह अपने आठ बीडब्ल्यूएफ स्पर्धा में से केवल दो में ही शुरुआती दौर से आगे बढ़ पाई हैं। क्वार्टर-फ़ाइनल के मुश्किल मुकाबले में उनका सामना जापान की तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन और टॉप सीड अकाने यामागुची से होगा।
तान्या हेमंत का महिला एकल का सफ़र प्री-क्वार्टर-फ़ाइनल में ही खत्म हो गया। उन्हें थाईलैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त और दुनिया की 8वें नंबर की खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग से 21-12, 21-15 से हार का सामना करना पड़ा।
वहीं, एमआर अर्जुन और हरिहरन अमसाकरुणन ने न्यूज़ीलैंड के माइकल ओवेन और डायलन सोएडजासा के खिलाफ़ 21-17, 21-7 से आसान जीत दर्ज करके बीडब्लयूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट में भारत की पुरुष युगल की उम्मीदों को बनाए रखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित