नयी दिल्ली , मई 11 -- स्वरोजगार करने वाली महिला उद्यमियों को वित्तीय सेवाएं प्रदान करने वाली नयी पीढ़ी की डिजिटल और ग्रामीण-केंद्रित माइक्रोफाइनेंस संस्था सिंधुजा माइक्रोक्रेडिट ने प्री-सीरीज़ डी फंडिंग राउंड में 50 लाख डॉलर (लगभग 47 करोड़ रुपये) जुटाए हैं।
कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस राउंड में मौजूदा निवेशकों एब्लर नॉर्डिक, गावा कैपिटल (अपनी निवेश इकाई हुरुमा फंड) और ओइकोक्रेडिट ने भाग लिया। जुटाई गई राशि का उपयोग कंपनी के पूंजी आधार को मजबूत करने, व्यवसाय विस्तार और वंचित समुदायों तक जिम्मेदार ऋण की पहुंच बढ़ाने के लिए किया जायेगा।
सिंधुजा माइक्रोक्रेडिट के सह-संस्थापकों अभिषेक कुमार और मल्कित सिंह डिड्याला ने बयान में कहा, "हम निम्न-आय वर्ग की महिलाओं और वंचित परिवारों तक पहुंचने के अपने मिशन में उल्लेखनीय प्रगति कर रहे हैं। साथ ही, हम वित्तीय रूप से बहिष्कृत लोगों और एमएसएमई के लिए कुशल, ग्राहक-अनुकूल और तकनीक-सक्षम समाधानों के माध्यम से वित्तीय सेवाओं को सुलभ बना रहे हैं। यह नयी फंडिंग हमें विकास के अगले चरण में ले जायेगी, जिससे हम अपनी उपस्थिति का और विस्तार कर पाएंगे तथा ग्राहकों की बेहतर सेवा के लिए अपनी क्षमता मजबूत करेंगे। हम अपने निवेशकों द्वारा जताये गये निरंतर विश्वास के लिए आभारी हैं।"सिंधुजा माइक्रोक्रेडिट ने पिछले आठ साल में 12 राज्यों में स्वरोज़गार करने वाली पांच लाख से अधिक महिलाओं और सूक्ष्म उद्यमियों को छोटे ऋण प्रदान किये हैं। वर्तमान में कंपनी की 366 शाखाएं हैं और उसके प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियाँ (एयूएम) 11 अरब रुपये से अधिक हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित