ग्वालियर , अप्रैल 14 -- ग्वालियर स्थित सिंधिया कन्या विद्यालय में फिनलैंड के राजदूत किम्मो लाहेदेविर्ता का स्वागत किया गया। इस अवसर पर उनकी पत्नी पिया काइकोनेन एवं लिरिस माटा भी उपस्थित रहीं। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्या निशि मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राजदूत का स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान भारती सूद भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत औपचारिक स्वागत समारोह से हुई, जिसके पश्चात छात्राओं ने राजदूत को विद्यालय परिसर का भ्रमण कराया। उन्हें विद्यालय के शैक्षणिक ढांचे, सेवा पहल 'संकल्प' तथा रोबोटिक्स लैब की जानकारी दी गई। 'संकल्प' पहल के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य और सामुदायिक सेवा को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण की जानकारी भी दी गई।

राजदूत ने विद्यालय की समग्र शिक्षा व्यवस्था में विशेष रुचि दिखाई और छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुए अपने अनुभव साझा किए। भ्रमण के उपरांत आयोजित विशेष सत्र में 'मूमीन' कहानी का वाचन तथा एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित