सिंदूर और बिहार की महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर कॉमेडियन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे दिल्ली पुलिस : ओझानयी दिल्ली , नवंबर 25 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में, छठ महापर्व से जुड़े पवित्र सिंदूर और बिहार की महिलाओं के बारे में एक कॉमेडियन की कथित अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए दिल्ली पुलिस से उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
श्री ओझा ने कहा कि मनोरंजन या अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी को भी लाखों महिलाओं की धार्मिक भावनाओं, सामाजिक गरिमा और सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान करने की छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने बुधवार को सेंट्रल दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह को दी गयी शिकायत में कहा कि छठ केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं है, बल्कि यह बिहार और पूर्वांचल क्षेत्र की आत्मा, आस्था, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से आग्रह किया है कि वह इस वीडियो और कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की निष्पक्ष जांच करने के साथ ही तुरंत प्राथमिकी दर्ज करे और सभी डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखे तथा दोषी पाये जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान, माताएं और बहनें कठिन व्रत रखती हैं और अपने परिवारों की समृद्धि एवं भलाई, बच्चों की लंबी उम्र और घर में खुशहाली के लिए प्रार्थना करती हैं। ऐसे पवित्र त्योहार के दौरान, वैवाहिक सौभाग्य के पवित्र प्रतीक 'सिंदूर' के बारे में अश्लील टिप्पणी करना एक ऐसा कृत्य है जो लाखों महिलाओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी विशेष समुदाय या क्षेत्र का अपमान नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति और महिलाओं की गरिमा का भी अपमान है।
उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोगों ने धार्मिक परंपराओं, देवी-देवताओं और महिलाओं की गरिमा को निशाना बनाकर सस्ती लोकप्रियता और सोशल मीडिया पर कुछ व्यूज पाने का चलन बना लिया है। ऐसे लोगों को यह समझ लेना चाहिए कि भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था हंसी-मजाक या मनोरंजन का विषय नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित