नयी दिल्ली , अगस्त 26 -- एशियाई खेलों 2026 से पहले, हाल ही में शानदार प्रदर्शन करने वाली 17 साल की टेबल टेनिस खिलाड़ी सिंड्रेला दास और पुरुष वर्ग में पायस जैन को 'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' (टॉप्स) की डेवलपमेंट स्कीम में शामिल किया गया है।

कोलकाता की रहने वाली इस युवा खिलाड़ी ने इस साल की शुरुआत में थाईलैंड में हुई एशियाई यूथ चैंपियनशिप में गर्ल्स डबल्स में सिल्वर और गर्ल्स एकल में कांस्य पदक जीता था। उनके हालिया प्रदर्शन ने टॉप्स डेवलपमेंट कैटेगरी में उनकी जगह पक्की कर दी है। सिंड्रेला ने 2025 में सीनियर नेशनल में जाने से पहले, 2023 में तीन नेशनल रैंकिंग एज-ग्रुप खिताब (अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 एकल) भी जीते थे।

इस साल की शुरुआत में, टॉप्स ने खास तौर पर टेबल टेनिस के लिए 14 से 17 साल के युवा टैलेंट का एक खास ग्रुप बनाने का फैसला किया था। सिंड्रेला उस ग्रुप का हिस्सा थीं - जिसका मकसद 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक के लिए भारत की बेंच स्ट्रेंथ (बैकअप खिलाड़ियों की ताकत) को बढ़ाना था। सिंड्रेला इस स्कीम में अपने साथी टेबल टेनिस खिलाड़ियों पायस जैन और अंकुर भट्टाचार्जी के साथ शामिल हुई हैं, जो पुरुष युगल खेलते हैं।

भारत की 10 सदस्यीय एशियाई खेल 2026 टीम में सिंड्रेला, श्रीजा अकुला, दिया चितले, यशस्वी घोरपड़े, सुतीर्था मुखर्जी, साथियान, मानुष शाह, मानव ठक्कर, हरमीत देसाई और पायस शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित