बैतूल , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शनिवार को प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों, युवाओं, महंगाई, आरक्षण और लोकतांत्रिक संस्थाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
श्री सिंघार आज यहां एक पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के जरिए पार्टी को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के साथ कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से आवाज उठाने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
श्री सिंघार ने कहा कि वह संगठन सृजन अभियान के समापन कार्यक्रम में शामिल होने बैतूल आए हैं। इस अभियान के तहत मंडल अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों को प्रदेश और देश के प्रमुख मुद्दों की जानकारी देकर उन्हें जनता के बीच मजबूती से रखने के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भ्रामक प्रचार करती है, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीनी हकीकत लोगों तक पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश का किसान लगातार संकट का सामना कर रहा है। गेहूं खरीदी में तिथियां बदलने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा और अब मूंग खरीदी में भी किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सोयाबीन उत्पादक किसान भी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। धान और चावल खरीदी में कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएगी।
श्री सिंघार ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर घट रहे हैं और युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओबीसी वर्ग को उसका अधिकार नहीं मिल रहा है। साथ ही भाजपा पर समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सभी नागरिक भारतीय हैं और समाज में विभाजन की राजनीति उचित नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित