लखनऊ , फरवरी 23 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विदेश दौरे को लेकर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने कहा कि जब मुख्यमंत्री 'माधुर्य-प्रवास' पर सिंगापुर जा रहे हैं, तो वहां की जल व्यवस्था भी देखकर आएं।
सोमवार को सोशल मीडिया के जरिये अखिलेश यादव ने कहा कि सिंगापुर में जल की धाराएं कितनी आकर्षक और सुव्यवस्थित होती हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में पानी अक्सर फटी टंकियों और टूटे पाइपों से बहता नजर आता है।
उन्होने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को यह देखकर आश्चर्य होगा कि बेहतर योजना और प्रबंधन से जल संसाधनों को किस तरह दर्शनीय बनाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे आम जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
सपा प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में 'सैर-ए-तजुर्बे' पर जा रहे हैं, जबकि ऐसे अनुभवों का उपयोग पहले ही किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर जल आपूर्ति, मजबूत आधारभूत ढांचा और प्रभावी प्रबंधन की जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित