रायपुर , अक्टूबर 03 -- छत्तीसगढ़ में वैश्विक निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को सिंगापुर पहुंचे, जहां भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित प्रथम साइन फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य की औद्योगिक संभावनाओं, उपलब्ध संसाधनों, अधोसंरचना और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, फोरम के दौरान आयोजित सीईओ राउंडटेबल में मुख्यमंत्री सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान राज्य की नई औद्योगिक नीति के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित