ऋषिकेश , मई, 30 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के पास लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंगटाली पुल के समीप गंगा नदी में डूबे दो लोगों में से एक की लाश को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल ( एसडीआरएफ) ने शनिवार को शव बरामद कर लिया, जबकि दूसरी लापता महिला की तलाश अब भी जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मई को सिंगटाली पुल क्षेत्र में गंगा नदी में दो लोगों के डूबने की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ द्वारा तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया गया था। अभियान के तहत स्कूबा डाइवर्स, राफ्ट और आधुनिक उपकरणों की सहायता से नदी के विभिन्न संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग की जा रही है। एसडीआरएफ टीम ने शनिवार को अभियान के दौरान शिवपुरी क्षेत्र के समीप गंगा नदी से नरेश उपाध्याय (42 वर्ष) का शव बरामद किया। नरेश उपाध्याय उत्तर प्रदेश में मेरठ जिला के काकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित जागेठी गांव के निवासी थे। टीम ने शव को नदी से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने शव की शिनाख्त भी कर ली है।

वहीं, हादसे में लापता ऋतु माहेश्वरी (30 वर्ष) तलाश जारी है। एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी के विभिन्न क्षेत्रों में संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन कर रही है। इसके लिए स्कूबा डाइवर्स, राफ्ट टीम और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।

एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और परिजनों के साथ समन्वय बनाकर अभियान को लगातार जारी रखा गया है। लापता महिला की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और सर्च ऑपरेशन अगले आदेश तक जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित