मुरादाबाद , जुलाई 21 -- दिल्ली-गाजियाबाद रेलखंड के साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर जाने के कारण दिल्ली रेल मार्ग पर यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हो गया। इस हादसे का असर उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल सहित विभिन्न रेलखंडों पर पड़ा, जिसके चलते कुल 53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। रेलवे ने 16 ट्रेनों को निरस्त, 24 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित, पांच ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट तथा आनंद विहार जाने वाली आठ ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित किया है।

रेल प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना के बाद दिल्ली मंडल में रेल यातायात बाधित होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थिति को सामान्य करने के लिए रेलवे ने तत्काल वैकल्पिक परिचालन व्यवस्था लागू की।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग अस्थायी रूप से बदल दिए गए हैं। गाड़ी संख्या 14310 उज्जैनी एक्सप्रेस तथा 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी एक्सप्रेस को मेरठ सिटी-खुर्जा-मितावली-आगरा कैंट मार्ग से संचालित किया जा रहा है। वहीं 15303 इंटरसिटी एक्सप्रेस और 12056 नई दिल्ली जन शताब्दी एक्सप्रेस को साहिबाबाद-दिल्ली शाहदरा-दिल्ली मार्ग से चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 19020 हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को दिल्ली-नई दिल्ली-तिलक ब्रिज-हजरत निजामुद्दीन मार्ग से रवाना किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने तथा क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। रेलवे का प्रयास है कि रेल यातायात को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित