रांची , मार्च 26 -- झारखंड के साहिबगंज स्थित सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि यह धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई, जिसके बाद न्यायालय प्रशासन और जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। धमकी की सूचना मिलते ही एहतियातन कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। कोर्ट में मौजूद जजों, वकीलों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कुछ ही समय में पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सील कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई की। एसपी अमित कुमार सिंह, एसडीपीओ और डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। देखते ही देखते कोर्ट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर दी गई।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीमों ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। झाड़ियों और संदिग्ध वस्तुओं की भी बारीकी से जांच की गई।
हालांकि, प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं हुआ है, जिससे प्रशासन ने फिलहाल राहत की सांस ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित