सोनभद्र , अगस्त 1 -- पूर्वी उत्तर प्रदेश के चोपन थाना क्षेत्र में स्थित सोन नदी के किनारे मछली पकड़ने के लिए कांटा लगाकर बैठे एक 65 वर्षीय बुजुर्ग पर मगरमच्छ ने जानलेवा हमला कर दिया। बुजुर्ग व्यक्ति ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह से अपने को मगरमच्छ से छुड़वाया और गंभीर स्थिति में नदी के किनारे से थोड़ा हटकर लेट गया।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार शनिवार की सुबह करगरा गांव निवासी लल्लू (65) मछली मारने के लिए अघोरी किले के सामने सोन नदी के किनारे बैठ कर कांटा लगाया हुआ था। थोड़ी ही देर में नदी किनारे एक मगरमच्छ आया और लल्लू पर जानलेवा हमला कर दिया। लल्लू ने भी हिम्मत बांधा और किसी तरह से मगरमच्छ के चंगुल से निकलकर नदी किनारे से थोड़ा हटकर बैठ गया।
मगरमच्छ के हमले से लल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया था और काफी रक्तस्राव हुआ। थोड़ी देर में ग्रामीण सोन नदी के किनारे पहुंचे और लल्लू को गंभीर रूप हालत में लेटा देखा जिसने अपने गमछे से शरीर से निकल रहे रक्तस्राव को रोका हुआ था। रास्ता न होने के कारण युवाओं ने किसी तरह से लल्लू को बाइक पर बैठाकर सड़क तक ले आये। उसके बाद एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजवाया।
डाक्टर ने बताया कि मगरमच्छ ने चार जगह हमला किया है और सबसे ज्यादा पेट पर चोट आयी है। स्थिति नाजुक हैं प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाएगा। वन विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित